ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है सड़क का लाभ

Spread the love

चमोली : प्रखंड के बीएमबी मोटर मार्ग के किलोमीटर 12 से बनाए गए धामदेव-नौगांव-कोलानी मोटर मार्ग पर रामगंगा नदी पर निर्मित 48 मीटर स्पान का पुल दो वर्ष बाद भी उपयोग में नहीं आ सका है। पुल तैयार होने के बावजूद एप्रोच सड़क का निर्माण न होने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय लोग इसे विभाग और प्रशासन की घोर लापरवाही बता रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2019-20 में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत नौ करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण किया गया था। साथ ही तीन करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से रूफ कंपनी द्वारा रामगंगा नदी पर 48 मीटर स्पान का सेतु भी तैयार कर दिया गया। लेकिन पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण आज तक नहीं हो पाया, जिसके कारण सड़क बेकार पड़ी है और ग्रामीणों को आवागमन में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य और राज्य आंदोलनकारी कुंवर सिंह नेगी ने बताया कि पुल निर्माण पूर्ण होने के बाद से ही वे तहसील दिवस सहित अन्य माध्यमों से विभाग को कई बार अवगत करा चुके हैं, लेकिन समस्या पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी तीन माह के भीतर पुल की एप्रोच सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो वे अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर तहसील में आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने मांग उठाई है कि प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य पूरा कर सड़क सुविधा बहाल करे, ताकि वर्षों से लंबित समस्या का समाधान हो सके। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *