जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम के अंतर्गत दुर्गापुरी क्षेत्र के जोशी मार्ग, मंदिर मार्ग व बिष्ट कालोनी को पेयजल आपूर्ति करने वाले नलकूप संख्या 30 की मोटर जल जाने के कारण स्थानीय लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं, हालत यह है कि पेयजल के लिए उन्हें अन्यत्र जाना पड़ रहा है। वहीं जल संस्थान की ओर से टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जा रही है, पर यह नाकाफी साबित हो रहा है।
गुरुवार को यह जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी अनिल कुमार, भैरव जोशी, संजय रावत, अनिरुद्ध नेगी, बसंती रावत, लक्ष्मी नेगी आदि ने बताया कि लगभग तीन दिन पहले नलकूप की मोटर जल गई थी, इस कारण उनके समक्ष पेयजल संकट खड़ा हो गया है। हालांकि संस्थान की ओर से टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन लगभग डेढ़ से दो हजार की आबादी के लिए यह नाकाफी साबित हो रहा है। मौके पर उन्होंने अधिकारियों से नलकूप की मोटर को शीघ्र ठीक करने की मांग की। वहीं इस संबध में नलकूप उपखंड के सहायक अभियंता अनिल नेगी ने बताया कि नलकूप की मोटर को सही करने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। अगले एक दो दिन में मोटर के ठीक होने पर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी जायेगी।