जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कोट ब्लाक के किंगोड़ीधार से कमलपुर व सल्डा मोटर मार्ग का कई सालों बाद भी डामरीकरण नहीं हो पाया है। आलम यह है कि लोगों को धूल फांकती सड़क पर हिचकोले खाकर ही सफर करना मजबूरी बन गया है। ग्रामीणों ने इस मोटर मार्ग के जल्द ही डामरीकरण की मांग उठाई है।
मंगलवार को कलक्ट्रेट में डीएम को दिए ज्ञापन में ग्राम प्रधान सल्डा आशा देवी ने कहा कि इस मोटर मार्ग को बने काफी समय हो चुका है। लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी उसका डामरीकरण नहीं हो पाया है। कहा कि पूर्व में स्थानीय विधायक समेत जिला प्रशासन व लोनिवि को अवगत कराने के बाद भी समस्या जस की तस है। लिहाजा उन्होंने डामरीकरण नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर पूर्व प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य भारत लाल, हरीश चंद्र आदि शामिल रहे।