गुलदार पिंजरे में कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : आखिरकार जनपद पौड़ी गढ़वाल के चंदोला राई गांव में आतंक का पर्याय बना गुलदार पिंजरे में कैद हो ही गया। चंदोला राई गांव में लगे पिंजरे में बीती रात गुलदार कैद हो गया है। जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने उक्त गांव में काफी समय से डेरा डाला हुआ था।
गुलदार ने चंदोला राई में बीती चार जुलाई को एक बच्ची पर हमला कर घायल कर दिया था, जबकि 6 जून को गडोली में भी एक बालिका पर हमला कर घायल किया था। गुलदार के एक के बाद एक हमलों के कारण इस क्षेत्र में दहशत बनी हुई थी। गुलदार के हमलों के बाद वन विभाग ने यहां गश्त करने के साथ ही पिंजरे भी लगा दिए थे, लेकिन गुलदार इनमें नहीं फंसा। बीती रात चंदोला राई में लगे पिंजरे में गुलदार कैद हो गया। इसकी सूचना महकमे को गुरूवार सुबह तड़के मिली। पौड़ी के गडोली से लेकर चंदोला राई और सर्किट हाउस आदि स्थानों पर गुलदार बीते कई दिनों से सक्रिय है। गुलदार के पिंजरे में कैद होने के बाद गडोली और चंदोला राई के स्थानीय लोगों ने भी राहत ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *