जंगली जानवरों की धमक, दहशत में ग्रामीण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रखंड एकेश्वर के अंतर्गत ग्राम सभा कठूली क्षेत्र में गुलदार का आंतक थमने का नाम नहीं ले रहा है, आए दिन गुलदार आबादी क्षेत्र में आकर मवेशियों को निवाला बना रहा है, जिससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने व पिंजरा लगाने की मांग की है।
कठूली निवासी नरेंद्र सिंह, उमराव सिंह रावत, गोपाल सिंह, प्रियकांत धस्माना सहित कई ग्रामीणों की दुधारू गायों को गुलदार निवाला बना चुका है। गुलदार व भालू का आंतक इस कदर बना हुआ है कि ग्रामीण अपने आवश्यक कार्यों के लिए बाजार तक भी नहीं जा पा रहे है, खासकर स्कूली बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों को अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने व लाने के लिए जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार चारापत्ती लाने के लिए जंगल जाने वाली महिलाओं पर भी गुलदार जानलेवा हमला कर चुका है। कहा कि गुलदार ने अभी तक गांव के लोगों के छ: गाय व सात बकरियों को अपना निवाला बना चुका है, यही हालात रहे तो गुलदार ग्रामीणों पर हमला कर सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने व ग्रामीणों को जंगली जानवरों को भगाने के लिए पटाखे व हवाई फायर करने वाली बंदूकें उपलब्ध करवाने की मांग की है। कहा कि वन विभाग को गुलदार व भालू को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *