बाघ का आतंक, दहशत में ग्रामीण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कार्बेट टाइगर रिजर्व से सटे ग्राम गौला मल्ला में बाघ ने एक कुत्ते को निवाला बना दिया। उधर, जूनियर हाईस्कूल कमेड़ा तल्ला की ओर जा रहे रास्ते पर आए दिन बाघ नजर आ रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत है।
बताते चलें कि कार्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत कालागढ़ टाइगर रिजर्व फारेस्ट वन प्रभाग की मंदाल रेंज में पड़ने वाले ग्राम जमूण निवासी गुड्डी देवी (55) पत्नी राज भदोला को आठ मार्च को बाघ ने मार दिया। घटना के बाद विभाग ने गांव में छह कैमरा ट्रैप लगाने के साथ ही विभागीय गश्त भी शुरू कर दी। इसके साथ ही गौला ग्राम पंचायत के गौला वल्ला, गौला पल्ला, गौला तल्ला व गौला मल्ला, ग्राम पंचायत बखरोटी के बसेड़ी, जमूण, घिरोली, छिमपाणी और ग्राम पंचायत कमेड़ा के भूण्ड, गंगोली, कमेड़ा तल्ला, कमेड़ा पल्ला और कमेड़ा वल्ला गांवों में बाघ लगातार नजर आ रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। बीते दिनों बाघ ने ग्राम छिमपाणी निवासी मंगला देवी पर भी हमले का प्रयास किया था। गुरूवार को बाघ ने गौला मल्ला निवासी सुल्तान सिंह के कुत्ते को निवाला बना दिया। मंदाल रेंज के रेंज अधिकारी अजय रावत का कहना है कि जमूण, कालाखंड की सीमा से लेकर बल्यूली व इसके आसपास आठ से दस किलोमीटर के दायरे में चकनाखाल चौड़, पड़ण्याआम, बणासी, बनगट, कमेड़ा, गौला, बखरोटी आदि क्षेत्रों में लगाए गए कैमरा ट्रैप में तीन-चार बाघ की मूवमेंट नजर आ रही है। बताया कि जमूण गांव में बाघ की कोई मूवमेंट नहीं है। इधर, ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह रावत ने वन विभाग से फायर लाइनों व पैदल रास्तों पर साफ-सफाई करने की मांग की है, ताकि बाघ दूर से नजर आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *