जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : जिलाधिकारी गढ़वाल के आदेशों के क्रम में बुधवार को विकासखंड थलीसैंण में समाज कल्याण विभाग द्वारा जन सुविधा/बहुदेशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में जिला चिकित्सालय पौड़ी से आए चिकित्सकों द्वारा 10 दिव्यांग जनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा तीन दिव्यांगजनों को कान की मशीन एवं दो दिव्यांगजनों को छड़ी वितरित की गई। शिविर में ग्रामीणों द्वारा आठ शिकायतें दर्ज कराई गई। उप जिलाधिकारी द्वारा समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। शिविर में समाज कल्याण, कृषि विभाग, बाल विकास विभाग, उद्यान, विद्युत, स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टॉल के माध्यम से शिविर में उपस्थित लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। इस मौके पर वरिष्ठ उप प्रमुख मनवर सिंह, कनिष्ठ उपप्रमुख राजशेखर, विधायक प्रतिनिधि विजेंद्र भंडारी, जिला पंचायत सदस्य ब्यासी प्रतिनिधि आशाराम पोखरियाल, उप जिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी टीकाराम कोटियाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी शालिनी बलोदी आदि मौजूद थे।