ग्रामीणों का आंदोलन स्थगित, एनआईटी का निर्माण शुरू

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : एनआईटी में चल रहा ग्रामीणों का आंदोलन 15 दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। मंगलवार को तहसीलदार श्रीनगर दीपक भंडारी की मध्यस्थता में निर्माणदायी कंपनी के अधिकारियों के साथ आंदोलनकारियों की वार्ता हुई। मांगों पर आंदोलनकारियों को सकारात्मक आश्वासन मिला। वार्ता के बाद एनआईटी के स्थायी परिसर का निर्माण पूर्व की तरह शुरू हो गया। आंदोलनकारियों ने कहा कि मांगों पर 15 दिनों में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
एनआईटी स्थायी परिसर निर्माण स्थल पर ग्रामीण मंगलवार को 10वें दिन भी डटे रहे। इसके बाद प्रशासन, कंपनी और ग्रामीणों की वार्ता हुई। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे डॉ. सुधीर जोशी समेत कई ग्रामीणों ने निर्माण कार्यों में स्थानीय ग्रामीणों को ही रोजगार देने, स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने, पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप सेप्टिक टैंक प्लांट बनाने, गौचर भूमि से डंपिंग जोन को हटाने तथा भविष्य में अवैध डंपिंग पर कार्यदायी संस्था पर कठोर कार्रवाई करने, एनआईटी सुमाड़ी मुख्य मार्ग पर सुधारीकरण कार्य कराए जाने, प्रभावित गांवों में संपर्क मार्गों की स्थिति सुधारने व सोलर लाइट लगाए जाने आदि मांगें उठाईं। उन्होंने कहा कि इस पर कंपनी के अधिकारियों की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिला है। यदि 15 दिनों में इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो पुन: आंदोलन और कार्यबहिष्कार करेंगे। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरजीत सिंह बिष्ट, प्रधान अभिनय धनाई, अंजु, मनीष रावत और जितेंद्र धनाई आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *