ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव बहिष्कार को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पौड़ी जनपद के कल्जीखाल ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत डांगी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रधान पद ओबीसी महिला आरक्षित होने पर चुनाव बहिष्कार को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया को ज्ञापन सौंपा।
निवर्तमान प्रधान भगवान सिंह चौहान के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी को मिला। उन्होंने बताया कि इस बार ग्राम प्रधान की सीट को ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) महिला के लिए आरक्षित किया गया है, लेकिन ग्राम पंचायत डांगी में ओबीसी वर्ग का कोई भी प्रमाणित व्यक्ति ही नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2015 से अब तक ग्राम पंचायत डांगी में ओबीसी प्रमाण पत्र निर्गत नहीं किए गए हैं। ऐसे में ग्राम प्रधान पद को ओबीसी महिला के लिए आरक्षित किया जाना पूरी तरह से अनुचित और नियमों के विरुद्ध है। समाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में कई बार संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रमाण पत्र न बनने के कारण न तो कोई पात्र उम्मीदवार सामने आ सका। ऐसे में ग्राम प्रधान पद के लिए एक भी नामांकन दाखिल नहीं हो पाया है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने इस स्थिति से नाराज होकर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान के बहिष्कार का ऐलान भी कर दिया है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत डांगी में ओबीसी आरक्षित महिला रिक्त पदों के कारण विगत चार वर्षों से आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका का पद रिक्त है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा उठाए गए मुद्दे को लेकर शासन को मार्गदर्शन हेतु पत्र भेजा जाएगा, जैसे ही शासन से निर्देश प्राप्त होंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।