सड़क कटान का ग्रामीणों ने किया विरोध शुरू

Spread the love

बागेश्वर। कंपास तोक से तल्ला मनकोट तक सड़क कटान का ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि यह भूस्लखन क्षेत्र है। अगर यहां सड़क काटी गई तो आवासीय भवनों को तो खतरा होगा ही, वहीं ग्रामीणों की जमीन भी दरकने लगेगी। जल्द कटान कार्य नहीं रोका गया तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। सोमवार को मनकोट के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय में रोष व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग इन दिनों कंपास तोक से तल्ला मनकोट तक सड़क कटान का कार्य कर रहा है। यह सड़क दो किमी तक कटनी है। उन्होंने कहा कि यह पूरा इलाका भूस्खलन की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। अगर सड़क काटी गई तो यहां हमेशा भूस्लखन होते रहेंगे। पूरी पहाड़ी बेहद कमजोर है। वहीं सड़क के ऊपर तीन आवासीय मकान भी है और कृषि योग्य जमीन भी है। जिससे मकान को तो खतरा है ही वहीं कृषि योग्य भूमि का भी दरकना शुरू हो जाएगा। अगर सड़क जरूरी है तो खरक्यूड़ से तल्ला मनकोट तक कटान किया जाए। पूरे क्षेत्र का भूगर्भीय सर्वे के बाद ही कोई कार्रवाई की जाए। ईश्वर दत्त चौबे, राजेश चौबे, मोहन चौबे, ललित चौबे, गिरीश चंद्र, नंदाबल्लभ चौबे, नवीन चौबे, रेखा देवी, तुलसी देवी आदि ने कहा कि अगर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नही होती तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इधर, जिलाधिकारी विनीत कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *