जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : द्वारीखाल के सिराई में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। शिविर में 45 शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें से अधिकांश को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया। शिविर में 135 लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया।
अपर सचिव पंचायतीराज श्याम सिंह की अध्यक्षता व सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल की मौजूदगी में आयोजित शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बिजली, पानी, सड़क स्वास्थ्य, जंगली जानवरों सहित 45 शिकायतें दर्ज करवाई। बैठक में अधिकांश शिकायतों को मौके पर ही निस्तारित करवा दिया। अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गब्र्याल ने शिविर में मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में दर्ज हुई शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निपटाया जाए, ताकि ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। अपर सचिव पंचायतीराज व अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के माध्यम से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख बीना राणा, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह राणा, उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर मुख्यधिकारी भावना रावत, प्रबंधक उद्योग उपासना सिंह, खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट, उद्यान सहायक गणेश सिंह, ग्राम विकास अधिकारी सुमित सिंह मौजूद रहे।