जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रखंड दुगड्डा के अंतर्गत ग्राम पंचायत जयगांव के राजस्व गांव भटगांव के जनता के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से हो रहे नुकसान, बिजली, पानी सड़क स्वास्थ्य सहित दर्जनों समस्याओं को गिनवाया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान में गांव में सुअर, बंदर सहित कई प्रकार के जंगली जानवर फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, ग्रामीणों ने सुअर व बंदरों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक या सोलर फेसिंग लगाई जानी चाहिए। कृषि भूमि पर तारबाड़ के ऊपर नायलान की जाली की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा ग्रामीणों खेती के लिए टयूबवैल के माध्यम से पाइप लाइने बिछाए जाने, कच्ची सड़कों का डामरीकरण किए जाने, स्कूलों के आसपास लैंटाना झाड़ी का उन्मूलन किए जाने, गांव में बारातघर बनाए जाने, गांव में सोलर लाइट लगाए जाने की मांग की। कार्यक्रम में वन्य जीव विशेषज्ञ डा. दिनेश भट्ट, ग्राम प्रधान रेखा देवी, डा. किशोर कुमार, डा. दिनेश भट्ट, पंचायत मंत्री अनूप जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।