ग्रामीणों ने थाली बजाकर निकाली जनाक्रोश रैली

Spread the love

चमोली : चमोली जिले के पोखरी विकासखंड में जंगली जानवरों के लगातार हमलों और आबादी क्षेत्रों में घुसकर दहशत फैलाने के विरोध में मंगलवार को जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने थाली बजाकर सरकार और वन विभाग के खिलाफ जनाक्रोश रैली निकाली। इस रैली में महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
जनाक्रोश रैली मंगलवार को पोखरी ब्लॉक मुख्यालय के डामर नामक स्थान से प्रारंभ होकर विनायकधार तक निकाली गई। सामाजिक कार्यकर्ता संतोष नेगी ने बताया कि पूरे क्षेत्र और आसपास के गांवों में हिंसक वन्यजीवों के लगातार हमलों से आक्रोशित जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने रैली निकालकर तहसील कार्यालय पहुंचकर उपजिलाधिकारी अबरार अहमद के माध्यम से भारत सरकार और राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में भालू और गुलदार के आतंक से ग्रामीण और नगर क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है। लेकिन सरकार और वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस नीति या प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए व्यापार संघ अध्यक्ष बीरेंद्र राणा ने कहा कि जिस तरह से जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है, उससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहना मुश्किल हो गया है। सरकार पलायन रोकने के केवल दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि लोग भय के साये में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *