भालू के आंतक से परेशान ग्रामीणोें ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कल्जीखाल ब्लाक के मनियारस्यूं क्षेत्र में भालू का आंतक थमने का नाम नहीं ले रहा है। भालू आए दिन ग्रामीणों के मवेशियों पर हमला कर रहा है। भालू अब तक कई पशुओं को निवाला बना चुका है। भालू के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग के अफसरों को ज्ञापन देकर जल्द ही समस्या का निराकरण करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्या का हल नहीं होने पर पौड़ी में भूख हड़ताल की जाएगी।
शनिवार को मनियारस्यूं क्षेत्र के ग्राम दिऊसा, बडकोट, भटकोटी, कठूड़, असगढ़ आदि गांव के ग्रामीणों ने वन विभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि भालू ने बीते दिन बडकोट गांव में गर्भवती गाय को जान से मार दिया है। बताया कि पिछले कुछ महीनों से भालू का आंतक इस क्षेत्र में लगातार बढ़ता जा रहा है। भालू की दहशत से स्कूली बच्चे भी स्कूल जाने में डर रहे हैं। भालू गोशालाओं को तोड़कर मवेशियों को मार रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि पैठाणी क्षेत्र की तर्ज पर दहशत का पर्याय बन चुके भालू को मारने के आदेश यहां भी जारी किए जाए। इस दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का हल नहीं होने पर पौड़ी मुख्यालय में धरना दिया जाएगा। इस मौके पर हिमालयन क्रांति के महासचिव दिनेश बिष्ट, रमेशचंद्र, नवीन कुमार, लक्ष्मण सिंह, सुभाष कुकरेती, मनीष, गणेश, जसपाल, नरेश थपलियाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *