जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में वीआईपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दुगड्डा में प्रदर्शन किया। कहा कि एक महिला की ओर से सोशल मीडिया में लगातार वीआईपी के नामों का खुलासा किया जा रहा है। बावजूद सरकार उक्त लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है।
दुगड्डा की पूर्व ब्लाक प्रमुख रूचि कैंत्यूरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने दुगड्डा ब्लाक के समीप एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच करवाने की मांग उठाई। कहा कि एक महिला इंटरनेट मीडिया पर लगातार वीआईपी सहित अन्य लोगों के नाम उजागर कर रही है। बावजूद सरकार इन कथाकथित लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। कहा कि भाजपा सरकार में पहाड़ की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा का बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा केवल राजनीति स्वार्थ के लिए है। बेटियों के साथ इस तरह का अत्याचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक कथाकथित वीआईपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता। प्रदेश की जनता न्याय के लिए सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी। इस मौके पर बृजमोहन नेगी, अजय रावत, सुनीता देवी, रश्मि देवी आदि मौजूद रहे।