विराट कोहली ने आरसीबी की ऑल टाइम इलेवन चुनी, मोहम्मद सिराज को नहीं दी जगह

Spread the love

नईदिल्ली,इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 28 मार्च को होगी। आगामी संस्करण से कुछ दिन पहले दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की अपनी ऑल टाइम इलेवन चुनी है। उन्होंने अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम में पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल जैसे बड़ी खिलाड़ियों को जगह दी है। हालांकि, उन्होंने सितारों से सजी इस टीम में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को नहीं चुना है। आइए उनकी टीम पर एक नजर डालते हैं।
कोहली ने गेल और डिविलियर्स के अलावा अपनी टीम में केएल राहुल, रजत पाटीदार को दिनेश कार्तिक को चुना है। बता दें कि पाटीदार की कप्तानी में ही आरसीबी ने पिछले सीजन में लीग इतिहास में पहली बार खिताब जीता था। वहीं गेंदबाजों में मिचेल स्टार्क और युजवेंद्र चहल को जगह दी है। दिग्गज स्पिनर चहल आरसीबी की ओर से खेलते हुए 100 से भी ज्यादा विकेट चटका चुके हैं।
कोहली ने अनिल कुंबले और हर्षल पटेल को भी चुना। उन्होंने पूर्व दिग्गज को टीम में लेते हुए कहा, आठवें नंबर पर अनिल भाई (कुंबले) को रखूंगा। ऐसे में यह एक जबरदस्त टीम होगी। उन्होंने आगे कहा, मैं हर्षल (पटेल) को भी टीम में चुनूंगा, क्योंकि उनमें थोड़ी-बहुत बल्लेबाजी की काबिलियत भी है। और वह तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर एकदम सही बैठते हैं। वह अलग-अलग फेज में गेंदबाजी करते रहे हैं।
कोहली ने अपनी ऑल टाइम इलेवन में सिराज को नहीं चुना। बता दें कि सिराज (2018-2024) आरसीबी में कोहली की कप्तानी में टीम के प्रमुख गेंदबाज हुआ करते थे। उन्होंने डेल स्टेन और मिचेल स्टार्क के रूप में 2 विदेशी तेज गेंदबाजों को जगह दी। कोहली की ऑल टाइम इलेवन- क्रिस गेल, विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, केएल राहुल, रजत पाटीदार, दिनेश कार्तिक, हर्षल पटेल, अनिल कुंबले, मिचेल स्टार्क, डेल स्टेन, और युजवेंद्र चहल।
००

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *