गंगोत्री धाम जाकर स्थलीय निरीक्षण किया

Spread the love

उत्तरकाशी। आगामी चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। डीएम अभिषेक रुहेला के निर्देश के क्रम में बुधवार को एडीएम तीर्थपाल सिंह ने चारधाम यात्रा से जुड़े विभागीय अधिकारियों के साथ गंगोत्री धाम जाकर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बर्फबारी से क्षतिग्रस्त आधारभूत सुविधाओं को शीघ्र धरातल पर दुरूस्त करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान भी मौजूद रहे।
गंगोत्री धाम में अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण के दौरान गंगोत्री विधायक चौहान ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित सम्पन्न कराने के लिए गंगोत्री नेशनल हाईवे को दुरुस्त किया जाना अति आवश्यक है। इसलिए जहां-जहां भूस्खलन संवेदनशील जोन एवं संकरे स्थान है वहां आवश्यक उपाय कर सड़क मार्ग को सुरक्षित किया जाय। उन्होंने भटवाड़ी तहसील के निकट चड़ेथी के पास सड़क को सुदृढ़ करने के निर्देश बीआरओ को दिए। गंगनानी में जाम की स्थिति ना बने इसके लिए बीआरओ एवं पुलिस को उचित व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। विधायक ने गंगोत्री नेशनल हाईवे के लोहारी नागपाला परियोजना के नजदीक बैंड के पास लूज बोल्डर को तत्काल हटाने व सोनगाड़ के पास सड़क चौड़ीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगानी गर्म कुंड के पास महिला चेंजिंग रूम का बनना अति आवश्यक है।
एडीएम तीर्थपाल सिंह ने एसडीएम भटवाड़ी को तत्काल अवैध अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। ताकि यात्रा के दौरान गर्म कुंड के पास अव्यवस्था उत्पन्न न हो सके। हीना में तीर्थ यात्रियों के बायोमेट्रिक एवं रजिस्ट्रेशन सेंटर का निरीक्षण भी किया। कहा कि यात्रियों की सरल एवं सुगमता के साथ बायोमैट्री एवं रजिस्ट्रेशन हो इस हेतु पंजीकरण केंद्र पर उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। स्थलीय निरीक्षण के उपरांत विधायक एवं एडीएम ने गंगोत्री धाम में मंदिर समिति एवं यात्रा से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की और आगामी चारधाम यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित सम्पन्न कराने हेतु चर्चा की गई। बैठक में मंदिर समिति द्वारा यात्रा के दौरान सड़क मार्ग एवं बिजली, पानी की आपूर्ति को सुचारू रखने की मांग की गई। इस दौरान सीएमओ ड आरसीएस पंवार, डीएसओ संतोष भट्ट, देवेंद्र पटवाल आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *