जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सद्भावना दिवस पर मेरा युवा भारत कार्यक्रम के तहत सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज सतपुली में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में विवेक भंडारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बुधवार को विद्यालय परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य देव सिंह ने विद्यार्थियों को सद्भावना दिवस के महत्व के बारे में बताया। कहा कि सद्भावना दिवस राजीव गांधी की जयंती के उपलक्ष में मनाया जाता है। राजीव गांधी हमारे देश के छठवें प्रधानमंत्री थे। यह दिवस समाज में शांति और एकता को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। कहा कि हमें सदैव सत्य के मार्ग पर चलकर समाज की सेवा करनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय में होने वाली प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में विवेक भंडारी ने प्रथम, तनुज दत्त ने द्वितीय एवं गीतांजली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका में सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज सतपुली के सहायक अध्यापक प्रीतम सिंह एवं मनमोहन सिंह नेगी थी। कार्यक्रम का संचालन ममता नेगी ने किया।