जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) सुदर्शन उपनगर की ओर से शहर में पथ संचलन किया गया। इस दौरान आमनज को राष्ट्रीय सेवक संघ के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता आरएसएस के प्रांत कार्यसमिति सदस्य ऋतुराज, कार्यक्रम अध्यक्ष राकेश काला एवं नगर कार्यवाह प्रशांत कुकरेती ने शस्त्र पूजन एवं प्रभु श्री राम व मां भारती के चित्र के समक्ष पूजन कर किया। स्वयं सेवकों द्वारा पूर्णगणवेश में मानपुर, बेलाडाट से आंचल दूध डायरी होते हुए पदमपुर चौक से ज्ञानवृक्ष विद्यालय तक पथ संचलन किया गया। इस दौरान क्षेत्र की महिलाओं ने स्वयं सेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। मानपुर में मुख्य वक्ता ऋतुराज ने संघ की 100 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ की यह यात्रा त्याग, सेवा, अनुशासन और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। डॉ. हेडगेवार, गुरुजी, बाबासाहब देवरास, रज्जू भैया सहित सभी संघ प्रमुखो एवं मार्गदर्शकों का स्मरण करते हुए उन्होंने संघ को घर-घर तक पहुंचाने हेतु अपने विचार रखें तथा संघ के पंच परिवर्तन एवं युवाओं में स्वयं का भाव एवं देश भक्ति का जागरण पर अपने विचार रखें। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि मातृभूमि की रक्षा हेतु शास्त्र के साथ शस्त्र जरूरी है। कलयुग में संगठन में ही शक्ति है इस मौके पर सुदर्शन उपनगर कार्यवाह विजेंद्र मैंदोला, सह कार्यवाह रोहित बलोदी, मणिराम शर्मा, सतीश देवरानी, हिमांशु द्विवेदी, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।