जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर स्वयं सेवकों ने सफाई अभियान चलाया। शिविर के दौरान जहां एक ओर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर युवाओं को तकनीकी ज्ञान से सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
स्वयं सेवकों ने जीआईसी लैंसडौन जयहरीखाल एवं अभिनव आवासीय विद्यालय के आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान लंबे समय से बंद पड़ी पानी निकासी नालियों की सफाई की गई, जिससे जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही जयहरीखाल स्थित पानी आपूर्ति टैंक के बाहरी क्षेत्र में फैले प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बौद्धिक सत्र में महाविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. कमल कुमार ने स्वयं सेवकों को आधुनिक तकनीकी कौशलों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने स्वयं सेवकों को डिजिटल युग में आवश्यक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।