पिता की अंत्येष्टि करने के बाद किया मतदान

Spread the love

रुद्रप्रयाग : नगर ऊखीमठ में एक व्यक्ति ने मतदान को जरूरी मानते हुए विषम परिस्थिति में भी मतदान कर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। नगर के ओंकारेश्वर वार्ड निवासी नवदीप नेगी के पिता की अचानक मौत हुई किंतु बेटे ने शुक्रवार सुबह अंत्येष्टि करने के बाद अपना वोट दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी को सुनिश्चित करने व मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान करने आए हैं। गुरुवार देर रात ऊखीमठ व्यापार संघ के पहले अध्यक्ष व राज्य आंदोलनकारी रहे 85 वर्षीय भूपाल सिंह नेगी का अस्वस्थता के चलते निधन हुआ। जिसके बाद शुक्रवार को मन्दाकिनी नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। पिता के अंतिम संस्कार के बाद नवदीप नेगी ने अपने पोलिंग बूथ राप्रावि ऊखीमठ में मतदान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान करना जरूरी है उसी जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए वे मतदान करने पहुंचे हैं। पूर्व व्यापार संघ के अध्यक्ष भूपाल सिंह नेगी के निधन पर जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों ने दु:ख व्यक्त किया। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *