अल्मोड़ा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को अल्मोड़ा जिले के छह विकासखंडों में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में चला। गांव की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में खासा जोश देखने को मिला और सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लग गईं। सुबह 8 बजे शुरू हुए मतदान में शुरुआती दो घंटे में छह ब्लॉकों—ताकुला, धौलादेवी, ताड़ीखेत, भैसियाछाना, लमगड़ा और चौखुटिया—में कुल 11.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोपहर 12 बजे तक यह आंकड़ा 27 प्रतिशत तक पहुंच गया था। इस दौरान कुल 76,614 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 42,068 महिलाएं और 34,546 पुरुष शामिल रहे। शाम 4 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार कुल मतदान प्रतिशत बढ़कर 52.53 पहुंच गया। शाम 4 बजे तक ब्लॉकवार आंकड़ों के अनुसार ताकुला में 52.17, धौलादेवी में 50.65, ताड़ीखेत में 55.35, भैसियाछाना में 51.25, लमगड़ा में 52.87 और चौखुटिया में 52.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इन छह ब्लॉकों में कुल 2,83,789 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,36,378 महिलाएं और 1,47,411 पुरुष शामिल हैं। कई मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय और एसएसपी देवेंद्र पींचा ने ताकुला और ताड़ीखेत विकासखंडों के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया की सुचारुता और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और तैनात सुरक्षा बलों, जोनल व सेक्टर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। शाम तक जिले भर में मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलता रहा। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं, जिनका असर मतदान प्रक्रिया में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।