सुबह 11 बजे तक मतदान में तेजी, उसके बाद आई कमी

Spread the love

बागेश्वर। लोकसभा चुनाव में इस बार सुबह के समय मतदान में तेजी आई। दिन में गर्मी के चलते एक बार मतदान में कमी आई, लेकिन शाम के समय फिर से बूथों पर भीड़ देखने को मिली। इस बार बूथों पर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भी संख्या कम थी। भाजपा ने हर बूथ पर कार्यकर्ता तैनात किए थे, लेकिन कांग्रेस ने कई बूथों पर एजेंट तक नहीं तैनात किए। जिले में सुबह मक पोल होने के बाद सात बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान शुरू होते ही लोग घरों से मतदान के लिए निकल पड़े। पहले दो घंटे के अपेक्षा अगले दो घंटे में अधिक मतदान हुआ। यानि 11 बजे तक लोग मतदान के लिए पहुंचने लगे। इसके बाद तीन बजे तक औसत मतदान हुआ। इस दौरान कई बूथों पर सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन तीन बजे बाद जैसे ही धूप की गर्मी कम हुई तो मतदान प्रतिशत बढ़ गया। एक बार लोग मतदान केंद्र तक पहुंचने लगे। ग्रामीण क्षेत्र में जहां इन दिनों गेहूं कटाई का काम चल रहा है वहीं शादी विवाह कार्यक्रम भी चल रहे हैं। इस कारण भी लोगों ने सुबह के समय मतदान में अधिक भाग लिया। शाम के समय कई गांवों में महिला संगीत के अलावा शादी विवाह कार्यक्रम संपन्न हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *