बदहाल सड़कों पर टूट रही कमर, सिस्टम ने फेरा मुंह

Spread the love

नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत वार्डों में बदहाल पड़ी है सड़कें
क्षेत्र की बदहाल सड़कों पर आए दिन हो रही दुर्घटनाएं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार:
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में बदहाल पड़ी सड़कें दोपहिया वाहन चालकों की कमर तोड़ रही है। शिकायत के बाद भी नगर निगम सड़कों की मरम्मत करवाने की सुध नहीं ले रहा है। जबकि, कुछ माह पूर्व क्षेत्र के पार्षदों ने नगर निगम व लोकनिर्माण विभाग से जल्द सड़कों की मरम्मत करवाने की मांग भी उठाई थी।
नगर निगम क्षेत्र में शायद ही कोई ऐसा वार्डों हो जहां आपकों बदहाल सड़कें न दिखाई दें। सड़कों पर बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। शनिवार शाम महाविद्यालय रोड पर बने गड्ढे की चपेट में आने से एक स्कूटी सवार घायल हो गया था। जौनपुर निवासी सतीश चंद्र, महेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र की सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत के लिए वह कई बार नगर निगम को पत्र दे चुके हैं। लेकिन, अब तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर झांकने तक नहीं पहुंचा। कुछ माह पूर्व भाबर क्षेत्र के पार्षदों ने भी नगर निगम व लोकनिर्माण विभाग से सड़क मरम्मत की मांग उठाई थी। सबसे बुरी स्थिति महाविद्यालय रोड, शिवपुर रोड, मालगौदाम-कुंभीचौड़ मार्ग, गोविंद नगर सहित भाबर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बनी हुई है।

सड़क पर बह रही गंदगी
वार्डों में सड़क किनारे पानी की निकासी के लिए बनी नाली भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। शिवपुर व जौनपुर क्षेत्र में घरों की गदंगी सड़क पर बह रही है। जगह-जगह गड्ढों में जमा गंदे पानी से आसपास के परिवारों को संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। दुर्गंध के कारण व्यापारियों का अपने प्रतिष्ठानों में बैठना भी मुश्किल हो गया है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से सड़क किनारे क्षतिग्रस्त नालियों की भी मरम्मत करवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *