बागेश्वर। नगर में रसोई गैस सिलेंडर के लिए बुधवार को लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही विभिन्न वितरण केंद्रों पर लंबी कतारें लग गईं, जबकि गैस वाहनों के देरी से पहुंचने के कारण अव्यवस्था की स्थिति बन गई। तहसील मार्ग और लोनिवि कार्यालय के समीप गैस वितरण कार्यक्रम तय था। लोग सुबह सात बजे से ही खाली सिलेंडर लेकर लाइन में लग गए, लेकिन तहसील मार्ग पर गैस का वाहन करीब साढ़े दस बजे पहुंचा। वाहन आते ही गैस लेने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे जाम की स्थिति पैदा हो गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और गैस वाहन को पास की पार्किंग में भिजवाया, जहां से वितरण कराया गया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।वहीं, लोनिवि कार्यालय के पास लोग सुबह दस बजे से ही सिलेंडर लेकर पहुंच गए थे, लेकिन यहां गैस वाहन दोपहर एक बजे तक नहीं पहुंचा। लोगों ने एजेंसी में शिकायत की, जिसके बाद करीब दो बजे वाहन पहुंचा और गैस वितरण शुरू हुआ। लंबे इंतजार के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, दुग-नाकुरी तहसील के पचार गांव में गैस वाहन नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी रही। मंगलवार शाम से ही लोग सड़क किनारे सिलेंडर लेकर इंतजार करते रहे। गैस वितरण कर्मियों ने रात आठ बजे तक पहुंचने का आश्वासन दिया, लेकिन रात नौ बजे बताया गया कि सिलेंडर खत्म हो गए हैं। करीब छह घंटे इंतजार के बाद ग्रामीण निराश होकर लौट गए। उन्होंने जल्द गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। जिला पूर्ति अधिकारी जीबी पांडेय ने बताया कि नगर में गैस वितरण किया गया है और जहां आपूर्ति नहीं हो सकी है, वहां जल्द वाहन भेजा जाएगा।