सिलेंडरों से गैस चोरी करने पर भड़के वार्डवासी, किया प्रदर्शन

Spread the love

भाबर क्षेत्र के वार्ड वासियों ने गैस गोदाम के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पदमपुर-मोटाढांक में स्थित एक गैस गोदाम में सिलेंडरों से गैर चोरी किए जाने पर वार्डवासी भड़क उठे। उन्होंने गैस गोदाम संचालक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को वार्डवासी पार्षद सौरभ नौडियाल के नेतृत्व में तहसील परिसर में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने गैस गोदाम संचालक के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इसके उपरांत उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन दिया। पार्षद ने कहा कि जनता को गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने के लिए भाबर के पदमपुर-मोटाढांक क्षेत्र में इंडेन गैस सर्विस का गोदाम बना हुआ है। भाबर क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को इसी गौदाम से सिलेंडर उपलब्ध करवाया जाता है। लेकिन, गैस गोदाम के कर्मचारी भरे हुए गैस सिलेंडर से दूसरे खाली गैस सिलेंडर में गैस भर रहे हैं। यही नहीं स्थानीय लोगों ने कर्मचारी को सिलेंडर गैस भरते हुए रंगे हाथ भी पकड़ा है। कर्मचारियों की इस हरकत का एक वीडियों सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वार्ड वासियों ने पूरे मामले की जांच करवाते हुए गोदाम संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कहा कि उपभोक्ताओं के साथ इस तरह का धोखा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर मोहनी देवी, सुनीता देवी, कोमल सिंह, भूपेंद्र सिंह, मोहन सिंह, हरीश रावत, मनोज गौड़ आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *