वार्डवासियों ने घरों से स्मार्ट मीटर हटाने की उठाई मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्र के वार्डवासियों ने ऊर्जा निगम के माध्यम से स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर आक्रोश जताया। कहा कि जिन घरों में जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाए गए है, उन स्मार्ट मीटरों को हटाकर पुराने मीटर लगाए जाए। जिसको लेकर वार्डवासियों ने तहसील परिसर में धरना दिया।
समाज सेवी आशाराम के नेतृत्व में आमपड़ाव, लकड़ीपडाव, ध्रुवपुर, कुंभीचौड़ सहित विभिन्न क्षेत्र के वार्डवासी तहसील परिसर में एकत्रित हुए जहां पर उन्होंने ऊर्जा निगम के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। आशाराम ने कहा कि वे विगत 108 दिनों से तहसील परिसर में धरना दे रहे है, लेकिन संबधित विभाग उनकी जायज मांग पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कहा कि वर्तमान में ऊर्जा निगम जिन स्मार्ट मीटरों को लगा रहा है, उन स्मार्ट मीटरों में तकनीकी खराबी के चलते खपत से ज्यादा बिल आ रहा है, जबकि पुराने मीटरों में इस प्रकार की कोई शिकायत नहीं आ रही थी। लेकिन विभाग ने उपभोक्ताओं को बगैर पूछे ही उनके घरों से पुराने मीटरों को उखाड़कर स्मार्ट मीटर लगा दिए। कहा कि जब तक स्मार्ट मीटरों को नहीं हटाया जाता तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर मंगल सिंह, महेश नेगी, राजेंद्र सिंह, परमानंद, अनिल नेगी, वीरेंद्र सिंह रावत, योगेंद्र सिंह, मदन सिंह नेगी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *