एयरपोर्ट विस्तारीकरण के विरोध में निकाली चेतावनी रैली

Spread the love

ऋषिकेश)। एयरपोर्ट विस्तारीकरण के चलते प्रस्तावित विस्थापन के विरोध में अठूरवाला संघर्ष समिति का आंदोलन 49वें दिन भी जारी रहा। रविवार को संघर्ष समिति के आह्वान पर धरना स्थल से हिमालय चौक तक चेतावनी रैली और पदयात्रा निकाली गई। जिसमें विस्थापन से प्रभावित ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। संघर्ष समिति के अध्यक्ष मनजीत सजवान ने कहा कि बीते 49 दिनों से धरना-प्रदर्शन जारी है, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार के नाम पर लोगों के घर, जमीन और रोज़गार पर संकट उत्पन्न हो गया है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संघर्ष समिति सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी। समिति से जुड़ी सीरा देवी ने कहा कि लंबे समय से शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद सरकार का रवैया निराशाजनक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विस्थापन का सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ रहा है। कहा न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। रैली के दौरान वक्ताओं ने प्रभावित परिवारों को न्यायसंगत मुआवजा देने एवं स्थायी पुनर्वास नीति लागू करने की मांग दोहराई। आंदोलन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। रैली में कमला, विमला, देवेंद्र, रुक्मणी, सुभाष, अनीता, रुचि, कविता, सुधा, केदार, राम सिंह, रजनी, मधु, विक्रम आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *