बुधवार रात हुई भारी बारिश से जगह-जगह हुआ जलभराव
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बुधवार रात हुई तेज बारिश से पूरा शहर पानी-पानी हो गया। सड़कों पर जगह-जगह जलभराव देखने को मिला। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग बरसाती रपटे पर भी भारी मलबा आ गया था। जिसके कारण घंटों यातायात बंद रहा।
बुधवार रात साढ़े सात बजे से वर्षा का दौर शुरु हो गया था। पूरी रात चली वर्षा के कारण शहर की सड़कें पानी में डूब गई थी। झंडाचौक से स्टेशन रोड के लिए तेज बहाव में वर्षा का पानी बह रहा था। झड़ाचौक में सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों को पानी अपने साथ बहाकर ले गया था। साथ ही चार पहिया वाहनों को भी आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। पूरी रात पनियाली गदेरा भी उफान पर बह रहा था। गदेरे के आसपास रहने वाले परिवारों ने अन्यत्र शरण ली। खोह, सुखरो व मालन नदी भी अपने तेज वेग में बह रही थी। वर्षा के दौरान कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी मलबा व बोल्डर आ गया था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी रात बंद रहा। गुरूवार सुबह करीब साढ़े सात बजे राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने जेसीबी से मलबा व बोल्डर हटाकर यातायात सुचारु करवाया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लगा हुआ था। हाईवे पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस को पसीना बहाना पड़ा।