उत्तराखंड

टौंस का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंचा, यमुना में भी पानी बढ़ रहा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

विकासनगर। यमुना और टौंस नदियों के ऊपरी कैचमेंट एरिया (अपर स्ट्रीम) में लगातार हो रही बारिश से दोनों के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार को टौंस का जल स्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया। हालांकि इच्छाड़ी बांध से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए अलर्ट है। यमुना भी खतरे के निशान के करीब बही। शनिवार को टौंस का जल स्तर 644.55 मीटर तक पहुंच गया। यह चेतावनी बिंदु 643.60 मीटर से 95 सेमी अधिक था। शनिवार दोपहर तक टौंस का जल स्तर 644 मीटर था, यह दोपहर बाद धीरे-धीरे बढ़कर खतरे के निशान 644.75 मीटर पर पहुंच गया। इसके बाद भी जल स्तर बढ़ता जा रहा है। टौंस का बहाव खतरे के निशान तक पहुंचने पर कालसी थाना पुलिस के साथ ही प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। तटवर्ती इलाकों में एसडीआरएफ के जवान तैनात कर दिए गए हैं। इसके साथ ही राजस्व पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। सुरक्षा के दृष्टि से नदी किनारे रहने वाले लोगों और मछली, लकड़ी पकड़ने के लिए तटों पर जाने वाले ग्रामीणों को सावधान किया गया है। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि टोंस का जल स्तर बढ़ना बरसात की सामान्य प्रक्रिया है। इच्छाड़ी बांध से धीरे-धीरे पानी को छोड़ा जा रहा है। वहीं शनिवार को यमुना का जलस्तर 454.30 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यह खतरे के निशान 455.37 मीटर से 1.7 मीटर कम है। ऊपरी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते यमुना के जल स्तर में बढ़ोत्तरी हो रही है। इससे प्रशासन अलर्ट हो गया है। विकासनगर के एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि डाकपत्थर बैराज से डाउन स्ट्रीम में भीमावाला, ढकरानी, कुंजा, कुल्हाल तक तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही नदी के जल स्तर की सूचना उत्तर प्रदेश के खारा पावर हाउस और हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज प्रबंधन को भी दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!