जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अग्निशमन व आपात सेवा केंद्र की ओर से भारतीय खाद्य निगम कंडी रोड में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निगम में तैनात कर्मचारियों को आग से बचाव के गुर सिखाए गए।
अग्निशमन अधिकारी रमेश चंद्र गौतम व फायर यूनिट ने कर्मचारियों को आग से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों की जानकारी होनी चाहिए। कहीं भी आग की घटना होने पर उसकी सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दें। उन्होंने कर्मचारियों को जानकारी अधिक से अधिक व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया। कहा कि आग से बचाव के लिए आमजन का जागरूक होना अति आवश्यक है। अग्निशमन विभाग ने माकड्रिल के माध्यम से कर्मचारियों को आग पर नियंत्रण पाने के तरीके बताए। इस दौरान निगम में लगे अग्निशमन यंत्रों की भी जांच की गई।