मौसम ने बदली करवट, प्रदेश के 07 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में आज मौसम ने फिर करवट बदली। पहाड़ से मैदान तक बादल छाए हैं। वहीं, मौसम विभाग की ओर से सात जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश होने से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
यमुनोत्री धाम सहित आसपास के इलाकों में बर्फबारी हुई। वहीं, यमुना के मायके खरशालीगांव, जानकीचट्टी, नारायण पुरी, फूलचट्टी हनुमान चट्टी क्षेत्र में बारिश, बड़कोट क्षेत्र में बारिश का मौसम बना हुआ है। बर्फबारी के चलते धाम में ठंड बढ़ी। यमुनोत्री धाम से पुरोहित सुनील उनियाल ने बताया कि धाम में डेढ़ घंटे से बर्फबारी हो रही है। जिससे धाम में ठंड बढ़ गई है।
गंगोत्री धाम में भागीरथी (गंगा) नदी का जल और नलों का पानी जमने लग गया है। रात का तापमान माइनस 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। सुबह और शाम को हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।
केदारनाथ में बर्फबारी से शीतलहर का प्रकोप अपने चरम पर है। केदारनाथ में अधिकतम तापमान छह डिग्री और न्यूनतम माइनस आठ डिग्री रहा।

 

मौसम ने बदली करवट यमुनोत्री धाम में बर्फबारी
उत्तरकाशी(आरएनएस)। उत्तरकाशी जिले में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। दोपहर बाद यमुनोत्री धाम परिसर सहित उच्च हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी हुई। जिसमें श्रद्धालुओं ने जमकर लुत्फ उठाया। शुक्रवार को जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही आसमान में काले घने बादल छाये रहे। वहीं उच्च हिमालय क्षेत्र सहित यमुनोत्री धाम में बर्फबारी देखने को मिली। इससे जिले ठंड बढ़ गई है। जिससे बचने के लिए लोगों ने गर्म कपड़े व हीटर का सहारा लेना शुरू कर दिया है। इधर सर्द मौसम के बीच धनतेरस पर लोगों ने बाजार में जमकर खरीदारी की। वहीं यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए तीर्थ यात्रियों ने भी बारिश के बीच हुई बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *