हर दिन बदल रहा मौसम, बिगड़ रही सेहत

Spread the love

दिन में गर्मी व सुबह-शाम हो रही ठंड ने बिगाड़ी सेहत
बेस अस्पताल में लगातार बढ़ रहे सर्दी-जुकाम के मरीज
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सुबह शाम ठंड व दिन के समय गर्मी आमजन को बीमार रह रही है। हालत यह है कि इन दिनों राजकीय बेस चिकित्सालय के साथ ही निजी अस्पतालों में सर्दी-जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। बेस अस्पताल में हर रोज डेढ़ सौ से दो सौ मरीज बुखार के पहुंच रहे हैं। छोटे बच्चे भी वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं।
फरवरी माह के अंत में मौसम भी अपना रूख बदलने लगा है। दोपहर के समय धूप से जहां हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। वहीं, सुबह-शाम अब भी ठंड बरकरार है। अचानक तापमान में आए बदलाव से सर्दी-जुकाम व बुखार के मरीजों में इजाफा हो गया है। सुबह से ही अस्पतालों में पर्ची बनवाने के लिए मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। चिकित्सकों की मानें तो मौसम व तापमान में आ रहे बदलाव के कारण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे बीमार होने का खतरा बढ़ जाता है।

यह हैं वायरल के लक्षण
तेज बुखार आना, ठंड लगना, नाक से पानी आना, गले में खरास, हल्की खांसी वायरल के मुख्य कारण है। ऐसे में बुजुर्ग व बच्चों का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

वायरल से बचाव के तरीके
वायरल से बचाव के लिए पानी को हल्का उबाल कर पीना चाहिए। घर के आसपास पानी जमा न होने दें। बुखार की शिकायत होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें। रेस्टारेंट में खाने से परहेज रखें। दिन में धूप या गर्मी लगने पर अचानक पूरे गर्म कपड़े पहनना न छोड़े।
ठंडी तासीर वाली चीजें जैसे कोल्ड ड्रिक और फ्रिज के पानी के सेवन से अभी परहेज रखें।

बच्चों के लिए सावधानी
– सुबह बच्चों को स्कूल भेजते समय पर्याप्त गर्मी कपड़े पहनाकर रखें
– बच्चों को आईसक्रीम, फास्टफूड या फ्रीज में रखा खाद्य पदार्थ न दें
– सर्दी-जुकाम या बुखार होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह ले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *