जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अप्रैल माह के साथ ही गर्मी भी धीरे-धीरे अपना प्रकोप दिखाने लगी थी। लेकिन, मंगलवार देर शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। पूरी रात हो रही बारिश का दौर बुधवार दोपहर तक भी जारी रहा। बारिश के बाद शहरवासियों को एक बार फिर ठंड का अहसास होने लगा है। वहीं, इस बारिश के कारण गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है।
मंगलवार देर शाम बारिश का दौर शुरु हो गया था। पूरी रात चल रही बारिश का दौर बुधवार दोपहर तक जारी रहा। इसके बाद शाम के समय भी आसमान में घने बादल छाए हुए थे। बारिश के बाद ठंड का अहसास होने लगा। लोगों ने जिन गर्म कपड़ों को रख दिया था उन्हें वापस निकाला। बारिश से सबसे अधिक नुकसान काश्तकारों को झेलना पड़ा। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल लटक गई। काश्तकारों का कहना है कि गेहूं की फसल कई जगह कट गई है, जबकि कई जगह खेतों में खड़ी है। लेकिन, वर्षा ने फसल को पूरी तरह खराब कर दिया। बारिश के कारण प्याज व अन्य फसल भी बर्बाद हो गई। साथ ही आम व लीची की बौर को भी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। वहीं, बारिश के कारण सड़कों पर भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली।