साप्ताहिक कर्फ्यू का व्यापक असर रहा

Spread the love

बागेश्वर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए संडे कोविड कर्फ्यू का व्यापक असर दिखा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस का शिकंजा रहा। इस दौरान पुलिस ने लोगों को कोविड गाइडलाइन की जानकारी दी। कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। रविवार को कोविड कर्फ्यू के दौरान बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग घर में ही रहे। वैवाहिक कार्यक्रमों के चलते बारातों के कुछ वाहन शहर में नजर आए। इस दौरान नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की गई। पुलिस कर्मियों ने लोगों से मास्क पहनने की अपील कर कोविडगाइड लाइनों की जानकारी दी। इस दौरान पूरे दिन बाजार में पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। पुलिस ने बेवजह बाजार में घूमने वालों पर कार्रवाई भी की। कोतवाल डीआर वर्मा टीम के साथ पूरे दिन भ्रमण करते रहे। जिला मुख्यालय के अलावा गरुड़, कपकोट, भराड़ी, कांडा, कौसानी में भी कर्फ्यू का व्यापक असर रहा।
टैक्सी वाहन भी नहीं चले: कर्फ्यू के दौरान बस स्टेशन, टैक्सी स्टैंडों पर सन्नाटा पसरा रहा। नगर के ताकुला, कांडा, पिडारी, गरुड़ टैक्सी स्टैंड पर वाहन खड़े रहे। कई लोगों को जरूरी काम के लिए पैदल यात्रा तय करनी पड़ी। नामकरण संस्कार, विवाह आदि कार्यक्रमों में भाग लेने वाले लोग निराश रहे।
दूध के लिए लगी कतार: दूध के लिए लोगों को लंबी कतार लगानी पड़ी। बमुश्किल दूध मिलने के बाद लोग सीधे घरों को रवाना हुए। स्थानीय लोगों ने कहा कि छोटे बच्चों के लिए दूध लेना जरूरी है। गर्मी होने के कारण दूध जल्दी खराब हो जाता है इसलिए उन्हें कोविड कर्फ्यू के दौरान भी घर से बाहर निकलने को मजबूर होना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *