खोह नदी के उत्थान को बजट मिलने का किया स्वागत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखण्ड राज्य को नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा नदी जल प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगभग 135 करोड रूपए की लागत परियोजना को राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार की कार्यकारी समिति की बैठक में सैद्धान्तिक स्वीकृति मिली है। यह स्वीकृति मिलने पर कोटद्वार विधायक एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया है।
स्वीकृत परियोजना में उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल क्षेत्र के कोटद्वार शहर में खोह नदी में गिरने वाले 09 नालों को टैप करने एवं 21 एम.एल.डी. सीवेज शोधन संयंत्र के निर्माण की स्वीकृति हेतु सहमति प्रदान की गई है। परियोजना के निर्माण से खोह एवं रामगंगा नदी के पारिस्थितिकी तंत्र में तो सुधार होगा ही साथ ही गंगा नदी में दूषित जल का प्रवाह रुकेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि खोह नदी में क्षेत्र के काफी नाले गिरते हैं जिससे नदी काफी दूषित हो गई है। परियोजना के तहत अब कोटद्वार में बहने वाली खोह नदी को भी साफ किया जायेगा साथ ही 21 एम.एल.डी. सीवेज शोधन संयंत्र का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने समस्त कोटद्वार वासियों की ओर से प्रधानमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *