जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रदेश की रस्सा-कस्सी टीम में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों का एमकेवीएन इंटरनेशनल विद्यालय की ओर से स्वागत किया गया। प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की टीम में विद्यालय की छात्रा अनन्या असवाल व आरोशी के साथ ही बालक वर्ग में आयुष बिष्ट, आरव, निर्मल, स्वास्तिक नेगी और कृष्णा सिंह ने प्रतिभाग किया।
उत्तर प्रदेश आगरा कैंट टग आफ वार फेडरेशन आफ इंडियाल की ओर से सब जूनियर अंडर-13 राष्ट्रीय टग आफ वार रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। जिसमें प्रदेश की टीम में कण्वनगर कोटद्वार स्थित एमकेवीएन इंटरनेशनल स्कूल शिब्बूनगर की दो छात्रा अनन्या असवाल व आरोशी ने भी प्रतिनिधित्व किया। विद्यालय के कार्यकारी निदेशक मयंक प्रकाश कोठारी ने बताया कि प्रतियोगिता में बीस राज्यों की 93 टीमों ने प्रतिभाग किया था। खेल कौशल एवं शरीरिक मजबूती का प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में छात्रा अनन्या व आरोशी ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। विद्यालय ने विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। वहीं, बालक वर्ग अंडर-13 में प्रदेश की टीम से विद्यालय के आयुष बिष्ट, आरव, निर्मल, स्वास्तिक नेगी और कृष्णा सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया। बालकों की टीम चर्तुथ स्थान पर रही। इस मौके पर विद्यालय के निदेशक चंद्र प्रकाश कोठारी, प्रधानाचार्य संजय जोशी, कोच पूनम गुसांई, आरिफा, मंजू असवाल, ममता नेगी आदि मौजूद रहे।