-ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगा आखिरी मैच
नईदिल्ली ,। वेस्टइंडीज क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खबर उस वक्त सामने आई, जब उनके क्रिकेट बोर्ड ने टीम के महान ऑलराउंडर आंद्रे रसेल पर एक पोस्ट करके थैंक्यू लिखा. जिससे क्रिकेट वर्ल्ड में ये खबर आग की तरह फैल गई की आंद्रे रसेल अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने जा रहे हैं. हालांकि अभी तक रसेल ने आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा नहीं की है. वेस्टइंडीज फैंस के लिए ये बुरी खबर निकोलस पूरन के रिटायरमेंट के ठीक बाद और भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप से ठीक सात महीने पहले आई है.
बता दें कि रसेल को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार (21 जुलाई) से शुरू होने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम में शामिल किया गया है, लेकिन ईएसपीएनक्रिकइंफो ने अपनी एक रिपोर्ट ने खुलासा किया कि वह केवल पहले दो मैच ही खेलेंगे और उसके बाद संन्यास ले लेंगे. श्रृंखला के पहले दो मैच जमैका के सबीना पार्क में खेले जाएंगे, जो रसेल का घरेलू मैदान है. ये मैच 21 और 23 जुलाई को खेले जाएंगे. जिससे उन्हें अपने घरेलू मैदान पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का मौका मिलेगा.
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने भी एक्स पर रसेल के 15 फोटो पोस्ट करके लिखा, “शुक्रिया, ड्रे रस! 15 साल तक आपने वेस्टइंडीज के लिए पूरे दिल, जुनून और गर्व के साथ खेला. दो बार के टी20 विश्व कप चैंपियन से लेकर मैदान के अंदर और बाहर आपकी शानदार क्षमता तक, आपका प्रभाव और शानदार योगदान हमेशा हमारे दिलों में रहेगा. इस पोस्ट ने कन्फर्म कर दिया की रसेल इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने जा रहे हैं.
रसेल ने वेस्टइंडीज के लिए कुल 15 साल खेले. उन्होंने कहा, शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता कि इसका क्या मतलब था. वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन की सबसे गौरवपूर्ण उपलब्धियों में से एक रहा है. जब मैं बच्चा था, तो मुझे इस मुकाम तक पहुंचने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन जैसे-जैसे आप खेलना शुरू करते हैं और इस खेल से प्यार करने लगते हैं, आपको एहसास होता है कि आप क्या हासिल कर सकते हैं. इसने मुझे और बेहतर बनने के लिए प्रेरित किया क्योंकि मैं मैरून रंगों में अपनी छाप छोड़ना चाहता था और दूसरों के लिए प्रेरणा बनना चाहता था.
उन्होंने आगे कहा, मुझे वेस्टइंडीज़ के लिए खेलना बहुत पसंद है और मुझे अपने परिवार और दोस्तों के सामने घर पर खेलना बहुत पसंद है जहां मुझे अपनी प्रतिभा दिखाने और और भी बेहतरीन प्रदर्शन करने का मौका मिलता है. मैं अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत शानदार तरीके से करना चाहता हूं और कैरिबियन से आने वाली अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों के लिए एक आदर्श बनना चाहता हूं.
बता दें कि रसेल 2012 और 2016 में टी20 विश्व कप जीतने वाली विंडीज टीम का हिस्सा थे और उन्होंने कुल 84 मैच खेले हैं. इस दौरान, रसेल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1078 रन बनाए हैं और 61 विकेट लिए हैं. रसेल ने 2010 में वेस्टइंडीज के लिए एक टेस्ट मैच खेला था और 70 एकदिवसीय मैचों में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने 1034 रन बनाए और 70 विकेट लिए.
शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जेडिया ब्लेड्स, रोस्टन चेज़, मैथ्यू फोर्ड, शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर, अकील होसेन, अल्जारी जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एविन लुईस, गुडाकेश मोटी, रोवमैन पॉवेल, आंद्रे रसेल, शेरफेन रदरफोर्ड और रोमारियो शेफर्ड.