रुड़की। पिछले दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। खेतों में बिछी गेहूं की फसल के खराब होने की आशंका से किसानों के चेहरों पर मायूसी साफ दिखाई दे रही है। तेज आंधी और बारिश से क्षेत्र के कई गांवों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल गिरकर जमीन पर बिछ गई। इससे पहले ही किसान पैदावार घटने की आशंका से परेशान थे, लेकिन अब लगातार हो रही बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। किसानों का कहना है कि भीगी हुई और जमीन पर गिरी फसल के सड़ने व खराब होने का खतरा बढ़ गया है, जिससे उत्पादन पर भारी असर पड़ सकता है। क्षेत्र के किसान लक्ष्मीचंद, गिंदर, राजेंद्र, महबूब, तेजपाल, राजकुमार, रामपाल, जुगेंद्र, अमित, राजू, मदनपाल, कर्मवीर, संदीप, सतपाल, प्रमोद, सुनील, अनिल, मलखान, ईश्वर, सुभाष, बिजेंद्र, पवन, अमजद, संजय, महेश और आदेश आदि ने बताया कि पहले तेज हवा और बारिश ने फसल को गिरा दिया और अब लगातार हो रही बारिश ने बची उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया है। किसानों ने यह भी बताया कि इस मौसम के चलते गन्ने की बुआई पर भी असर पड़ा है। कई किसानों ने गन्ने का बीज काटकर खेतों में तैयार रखा था, जो अब खराब होने की कगार पर है। ऐसे में किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।