जिले में आज से गेहूं खरीद शुरू, 108 क्रय केंद्र स्थापित

Spread the love

रुद्रपुर। जिले में एक अप्रैल (आज) से गेहूं खरीद की शुरुआत होगी। प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी करते हुए किसानों की सुविधा के लिए जिलेभर में कुल 108 क्रय केंद्र स्थापित किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी गई हैं, ताकि खरीद प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संचालित हो सके। डीआरएमओ अशोक कुमार के अनुसार, स्थापित क्रय केंद्रों में खाद्य विभाग के 18, सहकारिता विभाग के 51, उत्तराखंड उपभोक्ता सहकारी संघ के 7, एनसीसीएफ के 15 तथा पीसीयू के 17 तौल कांटे लगाए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर इनकी संख्या में वृद्धि भी की जा सकती है। सरकार द्वारा इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2581 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि क्रय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में वारदाना (बोरी) उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, तौल कांटों का समय से परीक्षण कर उन्हें निर्धारित स्थानों पर स्थापित करने और तैनात कर्मचारियों को पूर्व प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक क्रय केंद्र पर व्हाट्सएप नंबर अंकित किया जाएगा। इसके माध्यम से किसान अपनी शिकायत, फोटो या वीडियो सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे। इसके अलावा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *