एयरपोर्ट पर छूटा सामान मंगाने को पांच रुपये दिए तो खाते से उड़े 1.63 लाख

Spread the love

देहरादून। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर छूटा अपना ही सामान वापस पाने की उम्मीद करना एक दंपती को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने सामान की होम डिलीवरी के नाम पर मात्र पांच रुपये का शुल्क मांगा और उनके बैंक खातों से 1.63 लाख रुपये उड़ा लिए। शिकायत पर बसंत विहार थाना पुलिस ने गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जीएमएस रोड नर्मदा एन्क्लेव निवासी अरविंद कृष्ण गुप्ता के अनुसार बीते 17 फरवरी को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनका कुछ सामान छूट गया था। उनकी पत्नी ने गूगल से एयरपोर्ट का सहायता नंबर खोजकर कॉल किया। जो नंबर गूगल से मिला वह साइबर ठगों ने डाला हुआ था। जालसाज ने बातों में उलझाकर सामान की डिलीवरी के लिए पांच रुपये का यूपीआई भुगतान करने को कहा। आरोपियों के कहे अनुसार पत्नी ने जैसे ही अपने और पति के मोबाइल से 5-5 रुपये भेजे, उनके दोनों फोन हैक हो गए। देखते ही देखते शातिरों ने उनके तीन अलग-अलग बैंक खातों से कुल 1.63 लाख रुपये रुपये निकाल लिए। एसओ बसंत विहार अशोक राठौर ने बताया कि शिकायत पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *