पत्नी ने देवर के साथ मिलकर की पति की हत्या

Spread the love

काशीरामपुर मल्ला क्षेत्र में किराए के कमरे में रहता था युवक
मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: काशीरामपुर मल्ला स्थित एक मकान में किराए के कमरे में रहने वाले युवक की उसकी पत्नी व भाई ने मिलकर हत्या कर दी है। मामले में मृतक के पित की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। घटना के बाद से मृतक की पत्नी फरार चल रही है। जबकि, भाई को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है।
घटना सोमवार देर शाम की है। पुलिस को सूचना मिली कि काशीरामपुर मल्ला में रहने वाली एक महिला अपने पति को कमरे के अंदर बंद कर फरार हो गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बंद कमरे का ताला तोड़ा तो वह युवक का शव बेड पर पड़ा हुआ था। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के पिता को दी। मंगलवार को कोतवाली में पहुंचे मृतक के पिता उत्तर प्रदेश जिला बिजनौर नटहोर खेड़ी गांव निवासी दयाराम ने घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी। मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा रिंकु (35) पिछले चार वर्षों से काशीरामपुर मल्ला में अपने पत्नी दीक्षा व दो बच्चों के साथ रह रहा था। कुछ दिन पूर्व उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। 24 जुलाई को दीक्षा रिंकु के छोटे भाई ओमकुमार के साथ कोटद्वार कमरे में पहुंची थी। बताया कि मंगलवार शाम रिंकु व उसकी पत्नी दीक्षा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद उनका छोटा बेटा ओमकुमार व रिंकु की पत्नी दीक्षा कमरे में ताला लगाकर भाग गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि घटना के बाद रिंकु के छोटे भाई ओमकुमार को काशीरामपुर मल्ला में घूमते हुए गिरफ्तार किया गया। जबिक, रिंकु की पत्नी फरार हो गई है। दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *