क्या कांग्रेस में पूरी हो पाएगी हरक सिंह की तीन टिकट की मांग

Spread the love

-कांग्रेस पार्टी पर भी टिकट को लेकर कार्यकत्र्ताओं को संतुष्ट करने का दबाव
-एक परिवार से एक ही सदस्य को टिकट देने की कांग्रेस कर रही है तैयारी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय जनता पार्टी से एक से ज्यादा टिकट की मांग कर रहे हरक सिंह रावत को पार्टी की ओर से बर्खास्त कर दिया गया है। अब उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या कांग्रेस उनकी तीन टिकट की मांग पूरी करेगी। दरअसल, कांग्रेस में भी टिकट के बंटवारे को लेकर काफी दबाव है। कांग्रेस पार्टी एक परिवार से एक ही सदस्य को टिकट देने की तैयारी कर रही है। ऐसे में हरक की मांग यहां भी पूरी होती हुई नहीं दिखाई दे रही है।
कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत भाजपा में तीन टिकट की मांग कर रहे थे। लैंसडौन से अपनी पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं के लिए टिकट की उन्होंने मांग की तो अपने लिए भी कोटद्वार से अन्यत्र टिकट के लिए दबाव बनाने की कोशिश ही उन पर भारी पड़ गई। बताया जा रहा है कि एक टिकट वह अपनी पत्नी के लिए भी मांग रहे थे। 2016 में कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे हरक सिंह रावत बगावत कर भाजपा में शामिल हुए थे। अब कांग्रेस में वापसी कर रहे हरक सिंह रावत की एक से ज्यादा टिकट की चाहत पूरी होगी, इस पर संदेह भी जताया जा रहा है। कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की कतार लंबी है। उन्हें संतुष्ट करने के लिए ही पार्टी को मशक्कत करनी पड़ रही है। यदि कांग्रेस ने भी हरक की मांग नहीं मानी और भाजपा की ही तरह सख्त रुख अपनाया तो उनकी मुश्किलें बढ़ना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *