सुपरस्टार मोहनलाल के प्रशंसकों को नवंबर में तोहफा मिलना था, क्योंकि बहुप्रतीक्षित फिल्म वृषभ इसी महीने रिलीज हो रही थी। अब इस इंतजार को आगे बढ़ा दिया गया है। निर्माताओं ने ताजा पोस्ट साझा करते हुए फिल्म की नई रिलीज तारीख जारी की है। वैसे यह बदलाव पहली दफा नहीं दिखा है। मोहनलाल की फिल्म अक्टूबर में, दीवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। आइए जानते हैं वृषभ की नई रिलीज तारीख।
निर्माताओं ने वृषभ का प्रोमो जारी करते हुए बताया है कि फिल्म 25 दिसंबर, 2025 को क्रिसमस के मौके पर दुनियाभर में रिलीज हो रही है। मलयालम और तेलुगु में एक साथ शूट की गई यह फिल्म हिंदी और कन्नड़ में भी रिलीज होगी। वृषभ का निर्माण एकता कपूर के बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले हुआ है, और नंदाकिशोर ने निर्देशन किया है। मोहनलाल की इस फिल्म के जरिए शनाया कपूर साउथ में डेब्यू कर रही हैं।
फिल्म वृषभा का निर्माण एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस बालाजी टेलीफिल्म्स के तहत किया जा रहा है। बता दें कि मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल को हाल ही में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में अभिनेता को यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड मिला।