बेहतर शिक्षा को करेंगे हर संभव प्रयास

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: राजकीय शिक्षक संघ ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्णय लिया है। कहा कि हर बच्चें को शिक्षा से जोड़ा जाएं इसके लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा।
राजकीय शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई दुगड्डा की अध्यक्ष अब्बल सिंह रावत की अध्यक्षता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कोटद्वार में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने शैक्षिक उन्नयन के लिए हर संभव प्रयास किए जाने का संकल्प लिया। साथ ही शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर विचार विमर्श कर उनके समाधान के लिय जल्दी ही नवनियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी से मुलाकात करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर संगठन के जिला मंत्री मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि यदि कोई शिक्षक कर्मचारी बीमार होने पर चिकित्सा अवकाश पर रहता है इन परिस्थितियों में उसका वेतन रोका जाना न्याय संगत नहीं है क्योंकि बीमारी के समय प्रत्येक व्यक्ति को धन की आवश्यकता पड़ती है। लेकिन, कतिपय विकास खंडों में अधिकारियों द्वारा किसी शिक्षक के चिकित्सा अवकाश पर रहने पर उसके वेतन रोके जाने के आदेश प्रधानाचार्य को दिए गए है। इस प्रकार वेतन रोके जाने का उल्लेख न तो शासनादेशों में है और न ही विभागीय शीर्ष अधिकारियों के आदेश निर्गत हैं, जब उच्च अधिकारियों के कोई आदेश नहीं है तो खंड स्तर पर इस प्रकार के आदेशों का निर्गत होना न्याय संगत नहीं है उक्त के संबंध में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल खंड शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर समस्या समाधान हेतु प्रयास करेगा। वहीं, बैठक में जनपद के 15 विकास खंडों में शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी/ अधिवेशन आयोजित किए जाने पर भी विचार विमर्श किया गया, इस अवसर पर बैठक में मुकेश रावत, राजेंद्र कुमार, धीरेंद्र सिंह रावत, आशीष खर्कवाल, डबल सिंह रावत, परितोष रावत, विजेंद्र तोमर, प्यारेलाल बडोला, मनीष रावत, प्रशांत बडोला, नरेंद्र रावत, देवेंद्र राजपूत, भास्कर भारद्वाज, सुमनलता रावत आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *