शीतकालीन सत्र 2024: राज्यसभा गुरुवार तक के लिए स्थगित, पीएम मोदी से मिले किरेन रिजिजू

Spread the love

नई दिल्ली, संसद के शीतकालीन सत्र का आज बुधवार को 12वां दिन है, लेकिन हर दिन लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में काफी हंगामा होता है. हंगामे को देखते हुए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाती है. आज भी संसद परिसर में विपक्षी दलों के सांसद प्रदर्शन कर रहे हैं. कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी इस प्रदर्शन में मौजूद हैं. वहीं, मंगलवार को कांग्रेस और तमाम विपक्षी दल प्रदर्शन के समय अपने साथ एक काला बैग लेकर आए थे, जिसमें लिखा था मोदी-अडाणी भाई-भाई. राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर माहौल गर्म है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस संबंध में पीएम मोदी से मुलाकात करने पहुंचे और इसकी जानकारी दे रहे हैं. वहीं, राज्यसभा में सदने के नेता जेपी नड्डा ने विपक्ष को जमकर घेरा.
राज्यसभा में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि हमारे सदस्य (सांसद) सोनिया गांधी और सोरोस के बीच संबंधों का मुद्दा उठाते रहे हैं. यह देश की संप्रभुता का सवाल है. सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना देश की संप्रभुता के मुद्दे से देश का ध्यान भटकाने की साजिश है. इसकी सभी को निंदा करनी चाहिए. उन्होंने कभी भी सभापति का सम्मान नहीं किया. हंगामे को देखते हुए राज्यसभा की कार्यवाही गुरुवार 12 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई.
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष मुझे बोलने नहीं दे रहा है. यह चौथा दिन है जब मेरा शून्यकाल बर्बाद हुआ है. वे मेरी आवाज दबा रहे हैं. मैंने विपक्ष को इतना नीचे गिरते हुए कभी नहीं देखा. विपक्ष के गुलाब बांटे जाने पर उन्होंने कहा कि क्या यह नाटक नहीं है जो वे यहां कर रहे हैं? ये बचकाना तरीका है. राजीव गांधी और सोनिया गांधी भी विपक्ष के नेता रहे हैं, लेकिन क्या उन्हें कभी इस तरह के वीडियो बनाते देखा गया? ये बच्चे हैं.
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लाकर विपक्षियों ने सभापति की गरिमा गिराई है. ऐसा सभापति मिलना बहुत मुश्किल है. उन्होंने कहा कि विपक्ष राज्यसभा के सभापति का सम्मान नहीं करता है. रिजिजू ने आगे कहा कि सोरोस और कांग्रेस के बीच क्या संबंध है? इसका खुलासा होना चाहिए. कांग्रेस को देश से माफ़ी मांगनी चाहिए. वहीं, हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *