उत्तरकाशी : शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से आगामी 14 जनवरी को विंटर टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। कॉनक्लेव में एसोसिएशन आफ डॉमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ इंडिया के सहयोग से देशभर के विभिन्न राज्यों से 50 टूर ऑपरेटर्स और उत्तराखंड के 50 लोकल टूर ऑपरेटर्स प्रतिभाग करेंगे। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव का आयोजन होना है। कॉनक्लेव के आयोजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बैठक ली। डीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि मानकों के अनुसार बुनियादी ढांचा तैयार किया जाए, ताकि विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। इसके साथ ही स्थानीय समुदायों को इस उद्योग से जोड़ने के लिए होमस्टे नीति और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा। इस कॉन्क्लेव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा साहसिक खेलों को बढ़ावा देना है जिसके तहत स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग, आइस स्केटिंग और विंटर ट्रेकिंग के लिए नए ट्रैक और प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कॉन्क्लेव के माध्यम से सरकार पर्यटन को केवल एक सीजन तक सीमित न रखकर वर्षभर पर्यटन के मॉडल पर काम करने के प्रयास कर रही है। कॉनक्लेव में एसोसिएशन आफ डॉमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ़ इंडिया के सहयोग से देशभर के विभिन्न राज्यों के अलावा स्थानीय होटल एसोसिएशन उत्तरकाशी, बड़कोट, ट्रैकिंग संगठन उत्तरकाशी और सांकरी के पंजीकृत प्रतिनिधि भी प्रतिभाग करेंगे। बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी केके जोशी, पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार, निम रजिस्ट्रार विशाल रंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। (एजेंसी)