देहरादून। पुलिस ने एक महिला को 59.09 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत 18 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने उससे दून में स्मैक बेचकर कमाए 52 हजार रुपये बरामद किए हैं। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय चुनाव और ड्रग फ्री देवभूमि अभियान को लेकर इन दिनों पुलिस सघन चैकिंग कर रही है। पुलिस को शुक्रवार को सूचना मिली कि एक महिला रेलवे स्टेशन के समीप स्मैक की सप्लाई करने आई है। पुलिस ने दबिश देकर एक महिला को गिरफ्तार किया। महिला पुलिस की तलाशी में उसके कब्जे से 59.09 ग्राम चरस बरामद हुई। महिला ने अपनी पहचान सीमा पत्नी सुनील निवासी मद्रासी कॉलोनी देहरादून के रूप में बताई। महिला ने बताया उसने जुगनी उर्फ बानो नाम की महिला से स्मैक खरीदी थी। देहरादून में कुछ जगहों पर वो स्मैक बेच चुकी थी। पुलिस बानो की तलाश कर रही है। फिलहाल दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।