महिला पर हमला, कई पसलियां और दांत टूटे

Spread the love

रुड़की।चिड़ियापुर हरचंदपुर गांव के व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी के घर में घुसकर विधवा महिला पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे महिला की पसलियां और दांत टूट गए। बाद में आरोपी उसे मरा समझ कर भाग निकला। महिला को हरिद्वार जिला अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। कोतवाली क्षेत्र के चिड़ियापुर हरचंदपुर गांव निवासी सविता देवी के पति विजेंद्र सिंह की मौत हो चुकी है। गांव के विनोद का परिवार उनसे पहले से रंजिश रखता है। रविवार को दोपहर बाद सविता अपने घर में कपड़े धो रही थी। आरोप है कि तभी विनोद लाठी लेकर उनके घर में घुसा और सविता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे सविता बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी उसे मरा समझ कर वहां से भाग गया। चीख पुकार सुनकर बगल के मकान से सविता के जेठ श्यामलाल के परिवार के लोग वहां पहुंचे और उसे लेकर लक्सर सीएचसी आए। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस पर परिजन उसे हरिद्वार जिला चिकित्सालय ले गए हैं। सविता के भतीजे आशीष ने इसकी तहरीर कोतवाली में दी है। इसमें बताया है कि हमले में सविता की कई पसलियां और दांत टूट गए हैं। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी विनोद पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *