देहरादून। साइबर ठग ने दून निवासी महिला से क्रेडिट कार्ड का बिल जमा करने के नाम पर 98 हजार रुपये ठग लिए। करीब दो माह पुराने मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि संध्या मिश्रा निवासी कैनाल रोड ने तहरीर दी कि वो भारतीय स्टेट बैंक का क्रेडिट कार्ड उपयोग करती हैं। 21 मार्च को एक अज्ञात नंबर से उन्हें कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि यदि उन्होंने वार्षिक बिल जमा नहीं किया तो क्रेडिट कार्ड बंद हो जाएगा। आरोप है कि व्यक्ति ने महिला से बिल में सुधार के लिए कुछ जानकारी मांगी। इस दौरान उनके खाते से 98400 हजार रुपये कट गए। इस संबंध में उन्होंने बैंक जाकर जानकारी प्राप्त की तो पता चला बैंक की ओर से इस प्रकार का कोई कॉल नहीं किया गया। एसबीआई क्रेडिट कार्ड विभाग ने बताया कि वो ग्राहक से कभी भी फोन पर जानकारी नहीं लेते हैं।